विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का कुशीनगर जिले की पडरौना कोतवाली और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से साढ़े तीन लाख रुपये नकद, 27 पासपोर्ट, दो लग्जरी चार पहिया वाहन सहित फर्जी दस्तावेज तैयार करने की सामग्री मिली है। पुलिस का दावा है कि गिरोह करीब छह हजार लोगों से ठगी कर चुका है।
एसपी धवल जायसवाल ने पत्रकारों को बताया कि विदेश भेजने के नाम पर तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के जोकवा बाजार के समीप एक कार्यालय खोला गया था। इसका संचालक देवरिया जिले का अमजद है। वह दो महीने से कार्यालय नहीं आ रहा था। पीड़ितों ने इसकी शिकायत एसपी से की।
आरोप लगाया कि अमजद ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी की है। इसलिए वह अपना ऑफिस बंद करके भाग गया है। एसपी ने मामले की जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया। इसी सिलसिले में पुलिस ने शनिवार को पडरौना, तुर्कपट्टी, पटहेरवा, फाजिलनगर में छह लोगों को पकड़ा।
आरोपियों की पहचान अमजद करीम पुत्र स्वर्गीय मो. रज्जा खान निवासी बघौचघाट टोला बजरहा थाना बघौचघाट देवरिया, असरफ पुत्र स्व. खलील निवासी हरपुर बेलही थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर, राजेश कुमार शाह पुत्र स्व. दीनानाथ शाह निवासी शीतल चौराहा थाना कटेया जिला गोपालगंज बिहार, सोनू आलम उर्फ शहबाज आलम पुत्र जैनूल निवासी धौरहरा थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर, आशिक अंसारी पुत्र मुंशी अंसारी निवासी सोहन थाना तुर्कपट्टी जनपद कुशीनगर, कलामुद्दीन अंसारी पुत्र अकबर अंसारी निवासी नगर पंचायत कार्यालय के पास फाजिलनगर थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।