बोदरवार। विद्यालयों और सरकारी प्रतिष्ठानों में बृहस्पतिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बोदरवार बाजार स्थित पंचायत इंटर कॉलेज, मुंडेरा कंपोजिट विद्यालय, पुलिस चौकी, बोदरवार सीएचसी समेत अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों पर ध्वजारोहण किया गया। पंचायत इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पं. गोविंद मिश्र ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मुंडेरा कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक विनोद कुमार ओझा ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों के बारे में जानकारी दी। विद्यालय के बच्चों ने मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।