छितौनी बांध के किनारे कटान करती नदी। संवाद
खड्डा। क्षेत्र के भैसहा गांव के पास छितौनी तटबंध के किलोमीटर 8.800 के पास तेजी से हुए कटान से मुख्य बांध के बेहद करीब गंडक पहुंच गई है। बाढ़ खंड की तरफ से बचाव कार्य शुरू हो गया है। गंडक का डिस्चार्ज व जलस्तर में कमी आने के बावजूद कटान शुरू होने से लोग हैरान हैं। छितौनी तटबंध के किलोमीटर 8.800 के ठोकर के अगल बगल लगभग 200 मीटर सोमवार को अचानक गंडक नदी बैकरोलिंग करते हुए तेजी से टकराने लगी है। नदी के कटान से तटबंध के सुरक्षा के लिए लगाए गए एप्रन कट गए हैं।
एक जगह नदी व मुख्य बांध के बीच मात्र छह मीटर का फासला बचा है। एक सप्ताह पहले शुरू हुआ कटान रूक गया था, लेकिन सोमवार को पुनः इसमें तेजी आने से लोगों में चिन्ता व्याप्त हो गयी है। बाढ़ खंड के द्वारा नायलान के कैरेट में बोरी भरके कटान रोकने का कार्य किया जा रहा है। जहां नदी टकरा रही है वहां नदी की धारा उत्तर से दक्षिण की ओर हो गई है। हांलाकि जलस्तर कम होने से कुछ राहत है। वाल्मीकि बैराज पर नदी का डिस्चार्ज सुबह आठ बजे 44,200 क्यूसेक, शाम चार बजे 48,800 क्यूसेक था। इसके सापेक्ष जलस्तर शाम चार बजे चेतावनी बिंदु से 25 सेमी नीचे 94.75 मीटर था।