पडरौना। जिले में ईंधन की किल्लत बरकरार है। इसको लेकर गांव से शहर तक के लोग डीजल व पेट्रोल के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं लेकिन उन्हें बिना ईधन ही लौटना पड़ रहा है। इससे चलते जहां पर ईंधन है वहां पर लोगों की भीड़ जुट जा रही है।
रविवार को कुछ पेट्रोल पंपों पर तो ईंधन मिल रहा था तो वहीं कुछ सूखे पड़े हुए थे। इसके अलावा कहीं डीजल तो कहीं पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं था। ऐसे में वाहनों चालकों को आगे की यात्रा तय करने मुसीबत सामने आई। वहीं, ईंधन किल्लत से ट्रैक्टर संचालकों की परेशानी कम नहीं हो रही है। उन्हें जुताई के दौरान अधिक तेल की जरूरत पड़ रही, उसके मुताबिक उन्हें आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके चलते कुछ घंटों में उनके पहिए थम जा रहे हैं और वह फिर पंपों पर कतार में खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे आपूर्ति से खेती का काम प्रभावित हो रहा है। प्रशासन को खेती कार्य के लिए पंपों पर अलग से बंदोबस्त करना चाहिए, ताकि उन्हें परेशान न होना पड़े।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय ने बताया कि तेल की आ रही आपूर्ति के अनुसार लोगों में वितरण किया जा रहा है। कोई अनियमितता व कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर जरूरी कार्रवाई की जा रही है,ताकि परेशानी को कम किया जा सके।