लक्ष्मीगंज। रामकोला स्थित मां सम्मे स्थान परिसर में रविवार को नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ का शुरू हुआ। इस मौके पर आयोजकों की तरफ से क्षेत्र में कलश यात्रा निकाली गई।कलश यात्रा के दौरान जयमाता दी, हर हर महादेव और जयश्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।
रविवार की सुबह यज्ञ आयोजन समिति से जुड़े श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्र हुए। यहां जय माता दी के जयघोष के साथ निकली कलश यात्रा अहिरौली कुसम्ही, परोरहा, चंदरपुर, बगहा खूर्द, साहबगंज होते हुए कप्तानगंज कस्बा के रामजानकी घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच छोटी गंडक नदी से कलश में जल भरा गया। इसके बाद कलश यात्रा विभिन्न गांव होते हुए पुन: यज्ञ स्थल पहुंची। वहां विधिविधान से कलश का पूजन कर यज्ञ मंडप में स्थापित कर नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ शुरू हुआ। इस दौरान आयोजक छोटे लाल दास, सोनू यादव, राजू यादव, महेंद्र सिंह, योगेंद्र यादव, रामछबिला, राजेश कुमार सिंह, रामऔतार मौर्य, राजू मौर्य आदि मौजूद रहे। संवाद