कुशीनगर। बाल स्वास्थ्य पोषण माह के अंतर्गत 27 दिसंबर से 28 जनवरी तक 09 माह से 05 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को विटामिन ए की डोज पिलाई जाएगी। यह खुराक प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को क्षेत्रों में आयोजित होने वाले छाया वीएचएनडी सत्रों के माध्यम से दी जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश ने जूम मीटिंग के माध्यम से जनपद के सभी अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
सीएचओ ने बताया कि अभियान के दौरान जनपद में कुल 05 लाख 25 हजार 29 बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। साथ ही नियमित टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों को उनके लंबित टीके भी लगाए जाएंगे। इस कार्यक्रम में आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं एनजीओ के सहयोग से जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा स्तनपान से बच्चों को मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।