उजारनाथ। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सरिसवा निवासी एक एजेंट द्वारा विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। उसके खिलाफ फर्जी हवाई जहाज का टिकट देने और रकम हड़पने का केस पुलिस ने दर्ज किया है। तीन बेरोजगारों से 3.23 लाख रुपये लेकर जालसाज ने फर्जीवाड़ा किया है। युवकों का पासपोर्ट भी ले लिया है। केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सरिसवा में मां अंबे इंटरप्राइजेज के नाम से एक जालसाज ने लोगों को विदेश भेजने के लिए आफिस खोला था। इस आफिस पर गांव की अंजली भी काम करती थी। क्षेत्र के दोघरा अवरही गांव निवासी अनिल यादव 76,000, राहुल गोड़ 76,000 और कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के पिपरासी गांव निवासी ग्यासुद्दीन ने 76 हजार और 95 हजार रुपये आफिस पर पासपोर्ट के साथ विदेश जाने के लिए जमा किया था। दो माह बाद फर्जी वीजा और कैंसिल हवाई जहाज का टिकट देकर लखनऊ एयरपोर्ट पर जालसाज भेज दिया। वहां पर संदेह होने पर जांच एजेंसियां काफी देर तक बैठाई रहीं। आधार कार्ड का सत्यापन करने के बाद छोड़ीं। वहां से आने के बाद जब एजेंसी के मालिक को फोन किया तो वह फोन रिसीव करना बंद कर दिया और आफिस भी बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने मां अंबे इंटरप्राइजेस के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष राजप्रकाश सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।