पडरौना। कोतवाली पुलिस पडरौना को बृहस्पतिवार की शाम बड़ी सफलता हाथ लगी। पडरौना कोतवाली पुलिस ने शहर के बावली चौक से अंतर जनपदीय ठग गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से 56 फर्जी एटीएम कार्ड, 115 सिम कार्ड, 28 आधार कार्ड व 12 मोबाइल फोन के साथ वाहन के कूटरचित नंबर प्लेट बरामद की है। ये गिरोह जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्र के अंतर्गत घूमकर एटीएम कार्ड बदलकर रकम निकाल लेते थे। इनके पास वाहन के फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 को 25 दिसंबर को कोतवाली पुलिस थाने में एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कठकुइयां रोड पर स्थित आईडीबीआई बैंक के एटीएम से कैश निकालते समय अज्ञात लोगों ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया।
यही नहीं उसके खाते से 25 हजार रुपये भी निकाल लिए। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ठग गिरोह की पड़ताल शुरू कर दी थी। पुलिस ने टेक्निकल तरीके से पड़ताल शुरू की तो पता चला कि अंतर जनपदीय ठग गिरोह के लोग इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसके बाद पुलिस ने कुछ बदमाशों को चिह्नित कर उनको पकड़ने के लिए अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया।
बृहस्पतिवार को मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि ठग गिरोह के लोग चार पहिया वाहन में सवार होकर शहर के बाहर निकलने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने बावली चौक पर जांच के क्रम में पूछताछ करने पर गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया।
इनकी पहचान धीरज कुमार पुत्र परशुराम यादव निवासी दनियहवा टोला जिला छपरा, सूरज कुमार सिंह पुत्र सुनील सिंह निवासी दनियहवा टोला जिला छपरा, रोहित कुमार पुत्र अजय सिंह निवासी नवाजी टोला जिला छपरा और सूरज कुमार पुत्र दिनेश कुमार सिंह निवासी दनियहवा टोला जिला छपरा के रूप में हुई है।
कार की तलाशी लेने पर 56 फर्जी एटीएम कार्ड, विभिन्न कंपनियों के 115 सिम कार्ड, आठ सरकारी कूटरचित मोहरें, 28 आधार कार्ड के साथ 54 हजार नकद व 12 मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके अलावा बिहार नंबर की गाड़ी पर गोरखपुर और बिहार के अन्य जिले के कूटरचित नंबर प्लेट बरामद हुई।
यह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में घूमकर लोगों से एटीएम कार्ड छीनकर रुपये निकाल लेते थे। पडरौना के अलावा सेवरही और अन्य क्षेत्रों में भी वारदात को इन्होंने अंजाम दिया है।
सीओ अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।