सलेमगढ़। हाईवे पर सलेमगढ़ टोल प्लाजा के समीप बुधवार की देर रात को एक ट्रक को ओवरटेक कर दो बाइक पर सवार चार युवकों ने रोक लिया। ट्रक रूकते ही बाइक सवार युवक ट्रक के अंदर गाय होने का आरोप लगाते हुए जांच करने की जिद करने लगे। उधर से गुजर रही पुलिस को देख युवक भागने लगे। पुलिस ने युवकों को दौड़ाकर दबोच लिया। जांच के बाद ट्रक को पुलिस जाने दी, पुलिस ने चारों युवकों का शांतिभंग में चालान किया है।
दरभंगा निवासी सोनू कुमार ट्रक से बिजली उपकरण लेकर जा रहा था। वह कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ टोल प्लाजा के समीप बुधवार की रात को पहुंचा था कि दो बाइक पर सवार चार युवक ओवरटेक कर ट्रक को रोके और चालक को नीचे उतार दिया। ट्रक के अंदर गोवंश होने का आरोप लगाते हुए ट्रक की जांच करने के लिए चालक पर दबाव बनाने लगे। चालक ट्रक के अंदर बिजली का उपकरण होने की बात कह रहा था, लेकिन इसकी बात नहीं सुन रहे थे। संयोग से बहादुरपुर चौकी इंचार्ज अनुराग शर्मा सिपाहियों के साथ उधर से गुजर रहे थे, पुलिस को देख ट्रक चालक ने आवाज दिया। पुलिस के रूकते ही युवक भागने लगे। पुलिस ने चारों युवकों को पकड़ लिया। ट्रक चालक की बात सुनने के बाद युवक बहादुरपुर गांव निवासी विक्की कुमार, बबलू, राहुल व सुरेश प्रसाद को थाने लेकर गए। अनुराग शर्मा ने बताया कि युवकों के घर वालों को बुलाया गया, चेतावनी देकर शांतिभंग में चालान किया गया।