तमकुहीरोड। एपी बांध के बाघाचौर में किमी 10.518 पर गंडक नदी का कटान रोकने का काम अभी जारी है। इसी बीच जलस्तर में कमी के बाद नदी ने अहिरौलीदान के किमी 14.000 पर बने ठोकर को निशाने पर ले लिया है। नदी के दबाव से ठोकर के नोज का हिस्सा धंसने के बाद आसपास के लोगों में बेचैनी बढ़ गई है। खतरे की आशंका को देखते हुए बाढ़ खंड ने बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।
अहिरौलीदान के किमी 14.000 पर बने ठोकर पर नदी का दबाव बढ़ने के बाद बाढ़ खंड के अभियंताओं ने मौके की स्थिति पर नजर बनाए है। ठोकर के आसपास साफ-सफाई कराने के साथ मिट्टी से भरे जियो बैग मंगाने का काम तेज कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार खतरे को देखते हुए जल्द ही बचाव कार्य शुरू कराया जाएगा। इधर, बाघाचौर में किमी 10.518 पर ठोकर के अप स्ट्रीम में कटान रोकने का काम लगातार जारी है। एक स्थान पर बचाव कार्य चलने के बीच दूसरे ठोकर पर नदी का दबाव बढ़ने से बाढ़ खंड के सामने चुनौती बढ़ गई है। बाढ़ खंड के अभियंताओं का कहना है कि अहिरौलीदान ठोकर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यक संसाधन जुटाए जा रहे हैं और खतरे की स्थिति को देखते हुए शीघ्र बचाव कार्य शुरू कराया जाएगा।