पडरौना। तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव की वजह से बड़े और बच्चे वायरल बुखार और गले में संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज से लेकर प्राइवेट अस्पतालों की ओपीडी में संक्रमित मरीजों की संख्या बीते तीन-चार दिनों में बढ़ गई है। डॉक्टर इलाज के अलावा मरीजों को मौसम बीमारी से बचाव के उपाय बता रहे हैं।
पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय पडरौना के चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव सुमन ने बताया कि मौसम में आए बदलाव के बाद से संक्रमण के रोगियों की संख्या बढ़ गई है। अस्पताल आने वाले मरीजों में सबसे अधिक बीमारी सांस लेने में दिक्कत और जुकाम-बुखार से पीड़ित होने की शिकायत बता रहे हैं। प्रतिदिन इस तरह के मरीजों की संख्या 60 से 80 के बीच है। उनका कहना है कि मौसम तेजी से बदल रहा है, इसलिए खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। दिन में गर्मी और रात में ठंडक होने की वजह से वायरल का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसकी वजह से लोग बुखार, जुकाम-खांसी आदि की चपेट में आ रहे हैं। लोग गर्म कपड़ों से एकाएक दूरी बना रहे हैं, जिससे लोगों को वायरल बुखार हो रहा है। उनका कहना है कि वायरल बुखार का असर तीन से पांच दिन तक रहता है।