पांच झोपड़ियां जलीं, गांववालों ने बुझाई आग
- फोटो : अमर उजाला
नेबुआ रायगंज (कुशीनगर)। कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरसिया कला गांव के सिरसिया वीरभान टोला में बृहस्पतिवार की रात आग लग जाने से फूस के पांच घर जल गए। आग से इन घरों में रखे सारे सामान जल कर नष्ट हो गए। गांववालों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन दस्ता आग बुझने के बाद पहुंचा। आग लगने का कारण का पता नहीं चल सका।
सिरसिया गांव के वीरभान टोला में बृहस्पतिवार को रात करीब 11 बजे अचानक आग लग जाने से विश्वनाथ, राजू, रामजीत, रामदरश और फूलचंद की झोपड़ियां अचानक जलने लगीं। राजू के घरवालों की नींद टूटी तब आग लग जाने पर शोर मचाया। इस बीच आग विश्वनाथ, रामजीत, रामदरश और फूलचंद की झोपड़ी तक भी पहुंच गई। गांव के लोग मौके पर पहुंचकर जब तक आग बुझाते, इन लोगों के घरों में रखे नकदी, आभूषण, कपड़े, अनाज सहित अन्य सभी जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गए। संयोग ही रहा कि घर में सो रहे बच्चों तथा अन्य लोगों को समय रहते बचा लिया गया। राजू के घर में रसोई गैस सिलिंडर भी रखा हुआ था, लेकिन कोई हादसा नहीं हुआ। गांववालों ने बाल्टी में पानी भर-भर कर आग बुझाई। स्थानीय पुलिस और अग्निशमन दस्ता जब पहुंचा, तब तक आग बुझ चुकी थी। गांववालों के सहयोग से विश्वनाथ व राजू के घर में भोजन एवं बिस्तर आदि की व्यवस्था की गई है। शुक्रवार की सुबह ग्राम प्रधान सत्येंद्र सिंह व लेखपाल नीरज दुबे ने मौके पर पहुंचकर आग से प्रभावित लोगों को एक-एक कंबल दिया। साथ ही शासन की तरफ से मिलने वाली अन्य सुविधाएं दिलाने का आश्वासन दिया।