एसबीआई बोदरवार में शार्ट सर्किट से लगी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
बोदरवार। भारतीय स्टेट बैंक की बोदरवार शाखा में सोमवार की रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे सीपीयू व एसी मशीन समेत अन्य कई मशीनें जलकर नष्ट हो गईं। बैंक में आग लगने की वजह से मंगलवार को लेनदेन समेत अन्य कार्य ठप रहा।
बैंक में सोमवार की रात शार्ट सर्किट से लगी आग की लपटें देख स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शाखा प्रबंधक को जानकारी देकर आग बुझाने में लग गई। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। शाखा प्रबंधक मृत्युंजय कुमार ने बताया कि बिजली की शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। इससे बैंक में कई मशीन जलकर नष्ट हो गए हैं। इन मशीनों के सही होने तक बैंक का कार्य ठप रहेगा। तब तक लेनदेन का कार्य एसबीआई की शाखा अहिरौली बाजार से किया जाएगा।