अहिरौली बाजार। सेंदुरिया विशुनपुर बाजार में पोखरे के पास रविवार की सुबह करीब 11 बजे बेसुध हालत में 17 वर्षीय किशोरी को ई-रिक्शा से उतार कर भाग रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था। इस मामले में किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर शुरू कर दी है।
गोरखपुर जिले के तिवारीपुर थाना क्षेत्र के इलाहीबाग निवासी विक्की हलवाई और रामकोला थाना क्षेत्र के गांव धोधरही लक्ष्मीगंज निवासी ई-रिक्शा चालक रमेश बांसफोर ई-रिक्शा से गोरखपुर जिले के तिवारीपुर थाना क्षेत्र के निजामपुर गोड़ियाना स्थित चैन सिंह मंदिर निवासी 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर कोल्डड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी। इसके बाद ई-रिक्शा से लेकर अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के सेंदुरिया विशुनपुर बाजार में पोखरे के पास पहुंचे और बेसुध किशोरी को उतार कर भागने लगे।
किशोरी को बेसुध देख कर बकरी चराने वाली महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। लोगों ने दोनों की पिटाई कर पुलिस को सूचना दी और दोनों को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में थाने ले गई थी। अचेत पड़ी किशोरी को पुलिस ने निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच पहुंचाया। डाॅक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उसे गोरखपुर मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया था।
होश में आने के बाद किशोरी ने पुलिस को तहरीर दी कि दोनों युवक उसे घुमाने के बहाने रविवार की सुबह करीब छह बजे ई-रिक्शा में बैठा कर लेकर गए कोल्डड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी। उसके बाद वह बेसुध हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों युवकों पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अहिरौली बाजार थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि किशोरी की तहरीर पर विक्की हलवाई व रमेश बांसफोर के विरुद्ध अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोनों हिरासत में हैं।