पटहेरवा। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों पर मारपीट और धमकी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। फाजिलनगर की शांति देवी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट कसया कोर्ट में वाद दाखिल कर बताया था कि 28 मई 2018 को उनकी बेटी ससुराल से मायके आई थी। वह घर में खाना बनाने की तैयारी में थी बाकी सदस्य खेत में काम करने गए थे। उसी दौरान गांव का ही सद्दाम उसे पीछे से पकड़ लिया। बेटी के शोर करने पर आरोपी मारपीट कर भाग भाग गया। खेत से घर आने पर बेटी परिजनों को घटना के बारे में बता रही थी उसी समय आरोपी सहित उसके भाई और बहन समेत पांच लोग आए और अपशब्द कहते हुए लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
सास और जेठ पर मारपीट का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
पटहेरवा। क्षेत्र के मखुआ गांव की शायरा खातून ने पुरानी रंजिश में सास, जेठ और जेठानी पर अपशब्द कहने और मारपीट करने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में शायरा खातून ने बताया कि शुक्रवार की शाम उनके जेठ नसरुद्दीन, जेठानी शायदा और सास कलमी पुरानी रंजिश में उन्हें अपशब्द कहने लगे। विरोध करने पर तीनों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पटहेरवा थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
माहिला से मारपीट के आरोप में प्राथमिकी
पिपरा कनक। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग के टोला दीपराय की प्रभावती ने पटीदारों पर अपशब्द कहने और विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया है। तहरीर में प्रभावती ने बताया कि छह मई की शाम करीब सात बजे पटीदार मनीष उनके दरवाजे पर आकर अपशब्द कहने लगे। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष तमकुहीराज गिरजेश उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। संवाद
पड़ोसी पर महिला से छेड़खानी व धमकी देने का आरोप
कसया। क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पड़ोसी युवक पर घर में घुसकर छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी बजरंगी नामक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार उनके पति रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई रहते है और वह अपने दो बच्चों के साथ गांव में रहती है। आरोपी रात करीब आठ बजे उसके घर पहुंचा और बातचीत के बहाने दरवाजा बंद कर छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने लगा। किसी तरह खुद को छुड़ाकर महिला ने कमरे का दरवाजा बंद किया और घटना की जानकारी अपने पति को दी। पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन 1090 तथा डायल 112 पर भी शिकायत की थी। एसएचओ आशुतोष सिंह ने बताया तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद
दरवाजे से बाइक चोरी
पडरौना। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र डुमरी खुर्द निवासी पंकज मल्ल ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बाइक चोरी की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में पंकज मल्ल ने बताया कि उन्होंने शनिवार की रात दरवाजे पर बाइक खड़ी कर घर में सोने चले गए। रविवार की सुबह जागे तो दरवाजे से उनकी बाइक गायब थी। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की। संवाद