फाजिलनगर। चौराखास थाना क्षेत्र में एक युवती की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों पर छेड़खानी और जान से मारने की धमकी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। तहरीर में बताया कि घर से बाहर बाजार आदि जाते समय गांव का ही युवक अश्लील इशारे करता है। कई बार वह पास आकर छेड़खानी का कोशिश भी करता है।
युवती के अनुसार, जब इसकी शिकायत युवक के बड़े भाई से की गई तो उसने भी अपने भाई का पक्ष लेते हुए परिजनों को धमकाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि युवक मोबाइल पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और अश्लील वीडियो भेजता रहता है। पीड़िता ने बताया कि 26 अप्रैल को वह अपने भतीजे के साथ होमगार्ड की परीक्षा देकर लौट रही थी। गांव के पास आरोपी ने अपने साथियों के साथ उसे घेर लिया।
आरोप है कि उन्होंने उसके भतीजे के साथ मारपीट की और युवती को शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती के मुताबिक, आसपास लोगों को आता देख आरोपी भाग गए। थानाध्यक्ष चौराखास दिनेश कुमार साहनी ने बताया कि दो लोगों के खिलाफ छेड़खानी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।