संतकबीरनगर। न्यायालय सिविल जज जूनियर डिविजन कोर्ट के आदेश पर थाना दुधारा पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
एसओ दुधारा अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि मुनिरका ग्राम परसा झखरिया ने शिकायत पत्र में बताया कि 20 जनवरी को उन्हें व उनके पुत्र सुनील को चार बजे खेत की सिंचाई को लेकर गांव के सारदा, जंगबहादुर, पंकज, अंगद, अनिता, मीरा, रामकिशुन एवं शंभू निवासी पाकड़गंज गाली व जान से मारने की धमकी देने लगे, जिस पर उनका पुत्र भागकर घर चला आया। वह लोग पीछा करते हुए घर पर आए और घर में घुसकर उन्हें व उनके परिजनों को काफी मारे-पीटे और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि घर में रखा सामान तोड़ दिया। साथ ही बहू का मंगलसूत्र भी छीनकर ले भागे। घटना देखकर गांव के तमाम लोगों के इकट्ठा होने पर विपक्षी जानमाल की धमकी देकर भाग गए। एसओ ने बताया कि मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आठ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।