भूमि विवाद में मारपीट, आठ लोग घायल, पांच रेफर
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मठिया उर्फ अकटहां गांव की घटना
मथौली बाजार(कुशीनगर)। कप्तानगंज थानाक्षेत्र के मठिया उर्फ अकटहां गांव में जमीन के विवाद में मंगलवार को कुछ लोगों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में आठ लोग घायल हो गए। उन सभी को मथौली बाजार सीएचसी लाया गया, जहां पांच की हालत गंभीर बताकर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बैनामा ली हुई जमीन को लेकर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि उनके बीच मारपीट हो गई, जिसमें मठिया उर्फ अकटहां निवासी रामप्रवेश वर्मा (50), संदीप (35), कुलदीप (18), कुंवर यादव (40), रोहित यादव (18), उग्रसेन यादव (14), पूनम यादव (20) और रुना देवी (38) घायल हो गईं। लोग इन सभी को मथौली बाजार सीएचसी ले गए। यहां से पांच की हालत गंभीर बता डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि संदीप वर्मा, रुना देवी और नाथू गुप्ता ने विपिन पांडेय से एक ही गाटा नंबर पर जमीन खरीदी थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि रुना देवी अपनी खरीदी गई जमीन में हैंडपंप लगवा रही थीं, जिस पर संदीप वर्मा ने ऐतराज जताया कि वह उनकी जमीन है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों तरफ के आठ लोग घायल हो गए। डॉक्टर ने रामप्रवेश, संदीप, कुलदीप, रूना देवी और कुंअर यादव को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शेष लोगों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
सूचना पर चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह पुलिसफोर्स के साथ पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। घटनास्थल पर पुलिस तैनात है। परिजनों ने बताया कि रामप्रवेश को देर शाम डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।