पडरौना। जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में सोमवार को दो पालियों में वार्षिक परीक्षा शुरू हुई। प्रथम पाली की परीक्षा में गणित, हिंदी व विज्ञान विषय और दूसरी पाली में संस्कृत विषय की परीक्षा संपन्न हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर समय से परीक्षा शुरू हो सके इसके लिए शनिवार को प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिए गए थे। सोमवार को अधिकतर विद्यालयों पर परीक्षार्थियों के सापेक्ष पेपर कम पड़ गए। ऐसे में शिक्षकों को पेपर का फोटो कॉपी कराना पड़ा। पकवा इनार प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय भैंसहा सदर टोला में कक्षा एक से पांच तक कुल 72 छात्र, छात्राएं नामांकित हैं। उनमें 70 ने उपस्थित होकर परीक्षा दी। प्रधानाध्यापिका आशा रानी ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाएं व प्रश्न पत्र नामांकित छात्र-छात्राओं की संख्या के अनुसार उपलब्ध रहा। कोई दिक्कत नहीं है। सुबह 9:30 से 11:30 तक गणित, हिंदी व विज्ञान विषय के प्रश्न पत्रों की परीक्षा हुई।
वहीं, पूर्व माध्यमिक विद्यालय भैंसहा नंब दो में शत प्रतिशत उपस्थिति रही। कक्षा छह में आठ, कक्षा सात में 17 और कक्षा आठ में 16 छात्र, छात्राओं ने परीक्षा दी। निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कक्षा दो और तीन की गणित, कक्षा चार से छह तक हिंदी और कक्षा सात से आठ का विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा 28 मार्च तक चलेगी। कसया प्रतिनिधि के अनुसार परिषदीय विद्यालयों में सोमवार को परीक्षा समय सारिणी के अनुसार संपन्न हुई। इसमें कक्षा दो व तीन के गणित विषय और 4,5,6 के विद्यार्थियों की हिंदी और 7 व 8 के छात्र-छात्राओं की विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। कसया नगर के बीआरसी परिसर स्थित कंपोजिट विद्यालय में कुल 462 छात्र का नामांकन है, जिसमें 391 छात्रों ने परीक्षा में उपस्थित रहे। सभी विषयों प्रश्न पत्र शनिवार को ही विद्यालय में पहुंच गया था।
प्रधानाध्यापक भगवंत कुमार सिंह ने बताया कि प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका समय से विद्यालय पर उपलब्ध हो गया था। दो पाली में परीक्षा संपन्न कराई जा रही है। कक्षा सातवीं के छात्र कृष्ण कुमार राव ने बताया कि विज्ञान विषय का परीक्षा था।