गंगुआ बाजार। नगर पंचायत तमकुहीराज में ओवरब्रिज चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर हो रहे वाहन चालकों से अवैध वसूली की शिकायत मिलने के बाद नगर पंचायत हरकत में आ गया है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने तमकुहीराज पुलिस को पत्र लिखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया है।
नगर पंचायत तमकुहीराज कस्बे में करीब तीन वर्षों से टैक्सी स्टैंड की नीलामी नहीं होने से वसूली बंद है, लेकिन सवारी वाहन चालकों का आरोप है कि कुछ दबंग व्यक्ति अवैध रूप से बल पूर्वक सवारी गाड़ी चालकों से स्टैंड की वसूली कर रहे है। पीड़ित चालकों ने इसकी शिकायत नगर पंचायत तमकुहीराज को समय-समय से करते आ रहे हैं। शिकायतें मिलने पर नगरपंचायत के अधिशासी अधिकारी ने थानाध्यक्ष तमकुहीराज को शिकायती पत्र देकर अवैध रूप से वसूली करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अधिशासी अधिकारी उत्तम वर्मा ने बताया कि वाहन चालकों से मिल रही शिकायत के बाद पुलिस को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है।