फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: कार्रवाई के डर से घर नहीं लौट रहे लोग, एसडीएम व सीओ ने ग्रामीणों को समझाया

Mon, 22 Dec 2025 01:47 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
बोदरवार। क्षेत्र के मठिया गांव में पुलिस के भय से अब भी लोग घरों को नहीं लौट रहे हैं। कई लोग इस डर से घर से दूर हैं कि उन्हें पहुंचते ही पुलिस पकड़ लेगी। ठंड में ऐसे भी लोग इधर-उधर भटक रहे हैं, जिनकी कोई भूमिका नहीं है। ऐसे में रविवार को कप्तानगंज के उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता और कसया के क्षेत्राधिकारी कुन्दन सिंह ने गांव में पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं।
विज्ञापन

अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से आश्वासन दिया कि किसी भी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी और यदि कोई निर्दोष फंसा है तो उसे न्याय दिलाया जाएगा। एसडीएम व सीओ कप्तानगंज थाना प्रभारी चन्द्रभूषण प्रजापति के साथ पुलिस बल लेकर गांव पहुंचे। इस दौरान भाजपा युवा नेता धर्मेन्द्र सिंह ने निर्दोष लोगों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।
वहीं शंभू गुप्त ने विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के मामले में सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया। उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन लोगों की सुरक्षा और सम्मान के लिए है तथा किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
विज्ञापन

वहीं सीओ ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए काम करती है और किसी निर्दोष को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाएगा। बाहर गए लोग बेझिझक अपने घर लौटें और सामान्य जीवन व्यतीत करें।
बता दें कि पिछले रविवार की रात कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मठिया गांव में दो परिवारों में विवाद के दौरान शांति व्यवस्था कायम करने पहुंची पुलिस पर कुछ अराजक तत्वों ने हमला कर दिया था, जिसमें चौकी प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से गांव में दहशत का माहौल बन गया था और कई लोग घर छोड़कर चले गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें