रहसू बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के सरैया महंथ पट्टी गांव में संदीप प्रजापति के तिलक समारोह में डीजे पर डांस को लेकर गांव के सुबोध की पिटाई से मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों वशिष्ठ प्रजापति और उनके दो बेटों संदीप प्रजापति, मंदीप प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अभिरक्षा में आरोपी संदीप प्रजापति की तबीयत बिगड़ गई। उसका इलाज पुलिस की मौजूदगी में मेडिकल कॉलेज में हुआ। संदीप के जेल जाने के बाद से शादी की तिथि टाल दी गई है। कन्या पक्ष के दरवाजे पर शादी को लेकर दो दिन पहले तक रौनक दिख रही थी वहीं मंगलवार को सन्नाटा पसरा रहा और परिवार का कोई सदस्य कुछ बोलने से परहेज करता रहा।
चौराखास थाना क्षेत्र खैरटिया गांव के सदानंद प्रजापति की पुत्री नेहा की शादी उसी थाना क्षेत्र के गांव सरैया महंथ पट्टी के वशिष्ठ प्रजापति के बेटे संदीप प्रजापति से तय है। 26 अप्रैल को तिलक का कार्यक्रम संपन्न हो गया। तिलक चढ़ाकर सदानंद पक्ष के लोग देर रात घर चले आए। इसके बाद रात में डीजे पर डांस के दौरान हुए विवाद में पिटाई से गांव के 24 वर्षीय सुबोध गुप्ता की पिटाई की मौत हो गई। सुबोध का शव गांव के बाहर सरेह में मिला। पुलिस इस मामले में छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। मंगलवार को संदीप प्रजापति, मंदीप और वशिष्ठ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कस्टडी में संदीप की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसका इलाज पुलिस की मौजूदगी में मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में हुआ। सीओ तमकुहीराज जयंत यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। भागे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है।