तमकुहीरोड। सेवरही थाना क्षेत्र के टिकुलिया टोला पठखौली में सोमवार की शाम खेत की जुताई के दौरान अचानक ट्रैक्टर घुमाते समय उस पर बैठा पड़ोस का 12 वर्षीय बालक गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर आई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सेवरही थाना क्षेत्र के टिकुलिया ग्राम सभा के पठखौली टोला में सोमवार की शाम एक खेत की जुताई चल रही थी। ट्रैक्टर पर टिकुलिया के ही मंटू बैठा का 12 वर्षीय बेटा साजन बैठा भी बैठा था। ट्रैक्टर टिंकू शाही चला रहे थे। अचानक ट्रैक्टर घुमाने के दौरान बालक पीछे गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद गांव वालों की भीड़ जुट गई। लोगों ने रोटावेटर में फंसे बालक को किसी तरह निकाला और सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी होने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि मृतक साजन बैठा दो भाइयों में छोटा था और उसके अलावा राजन बैठा (18), बहन कुमारी रेनू (16) और कुमारी रोशनी (10) हैं। साजन के पिता की तहरीर पर पुलिस ने टिंकू शाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।