पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत नौगांवा स्थित रामपुर बांगर सहकारी समिति पर रविवार को यूरिया खाद के वितरण के दौरान अफरा-तफरी मच रही। पुलिस की सुरक्षा में यूरिया का वितरण कराया गया। मांग के अनुसार किसानों को यूरिया नहीं मिल सका। इससे नाराज किसान नारेबाजी करने लगे। मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसानों को समझाकर शांत कराया।
समिति पर करीब 333 बोरी की आपूर्ति हुई थी, जबकि 1000 हजार से अधिक किसान खाद लेने के लिए सुबह से पहुंचे थे। मांग की तुलना में आपूर्ति बेहद कम होने वितरण में देरी को लेकर सुबह से धूप में खड़े किसान नाराज हो उठे और नारेबाजी करने लगे। यूरिया लेने पहुंचे कांग्रेस अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष लालबाबू ने समिति के सचिव को समय से यूरिया न वितरण को लेकर फटकार लगाकर किसानों को समझा बुझाकर शांत कराया। लाइन लगवाकर यूरिया का वितरण करवाया। किसान अदालत सिंह, राहुल, सरवन, विनीत, लाल बाबू, दिनेश, अविनाश, मोतीलाल, मुश्ताक, अजहर आदि ने कहा कि धान की बुआई के लिए यूरिया की मांग चरम पर है। लेकिन लगातार घटती आपूर्ति से किसानों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।