पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक क्षेत्र के बिहारी छपरा गांव स्थित पिपराइच चीनी मिल की तरफ से लगी तौल केंद्र पर समय से गन्ना तौल नही हो रहा है। इससे नाराज गन्ना किसानों ने मंगलवार को केंद्र पर प्रदर्शन किया। तौल में लगातार हो रही देरी से तौल केंद्र पर जाम की स्थिति बन गई।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि मिल शुरू हुए अभी कुछ ही दिन बीते हैं, लेकिन गन्ना तौल में हो रही अनियमितता से परेशानी बढ़ रही है। तौल समय से हो जाए तो ट्रालियां खाली हो सके, लेकिन पिछले एक सप्ताह से समस्या बनी हुई है। शिकायत करने के बावजूद भी सुनवाई नहीं हो रही है। सिरसिया बुजुर्ग के रामानंद मुख्तार सिंह, बाबूराम सिंह, मदन सिंह, नेशार, रामदयाल, मेहंदिया के दयाल यादव, भरत, खजुरी के लक्षण, सर्वेश, छोटे आदि गन्ना किसानों ने कहा कि मिल अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
किसानों ने आरोप लगाया कि गन्ना ढुलाई के लिए ट्रांसपोर्ट की कमी के कारण तौल में देरी हो रही है, लेकिन मिल प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा।