हाटा। एथेनाॅल प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण मामले में खेत में पानी छोड़ने के विरोध में मंगलवार को किसानों ने चीनी मिल गेट पर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को शांत कराया और मिल प्रशासन से वार्ता की।
करीब दो घंटे तक किसान चीनी मिल गेट पर जमे रहे। एसडीएम ने खेत में छोड़े गए पानी को बंद कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद नाराज किसान वहां से हटे। प्रशासन की कार्रवाई को लेकर किसानों में अभी भी आक्रोश है। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रह रहा है। एथेनाॅल प्लांट के लिए प्रशासन की ओर से जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है। किसान इसका विरोध कर रहे हैं। अधिकांश किसानों ने अभी तक जमीन का मुआवजा भी नहीं लिया है, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने चीनी मिल को जबरन कब्जा दिला दिया है। इसको लेकर विवाद भी हुआ था।
किसान खेती न कर सके। इसके लिए चीनी मिल प्रशासन की ओर से खेतों में पानी छोड़ा जा रहा है। इसकी जानकारी होने पर मंगलवार को गांव के कुछ किसान चीनी मिल गेट पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को शांत कराया और एसडीएम से वार्ता की। एसडीएम ने खेतों में छोड़े जा रहे पानी को बंद कराने का आश्वासन दिया।