-कोतवाली क्षेत्र के शनचरी चौराहे के पास बृहस्पतिवार की शाम हुई थी बाइकों में टक्कर
-हादसे में घायल दो लोगों का अब भी मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर धूस में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के मुख्य पश्चिमी गंडक नहर शनिचरी चौराहे के पास बृहस्पतिवार की शाम को दो बाइकों में हुई टक्कर में घायल 45 वर्षीय किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर आई पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे में घायल दो लोगों का अब भी मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर धूस में इलाज चल रहा है। किसान के मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार निवासी बबलू कुशवाहा (45) पुत्र इंद्रासन बाइक से पडरौना की ओर से आ रहे थे। शनिचरी चौराहे के समीप सामने से आ रहे इलमुहम्मद (27) पुत्र अनवर व हासिम पुत्र चोकट निवासी ग्राम पचफेड़ा पकड़ियार, जो पडरौना जा रहे थे, की बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मेडिकल कॉलेज भेजवाया और इसकी सूचना पुलिस को भी दी।
इलाज के दौरान देर रात घायल बबलू कुशवाहा की मौत हो गई। सूचना पर मिश्रौली चौकी प्रभारी विवेक पांडेय पहुंचे और शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि दो घायलों का इलाज अभी भी चल रहा है। मृतक बबलू कुशवाहा किसान थे और उनके सात बच्चे हैं, जिनमें तीन लड़कियों की शादी वह कर चुके हैं। मृतक अपने ससुराल पडरौना कोतवाली क्षेत्र के झुंगिया पट्टी में ही रहते थे। चौकी प्रभारी मिश्रौली विवेक पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
000000
गंगेश्वर त्रिपाठी