बाइक की चपेट में आने से किसान की मौत
कुबेरस्थान(कुशीनगर)। थानाक्षेत्र के अन्हारीबारी चौराहे पर मंगलवार को बाइक की चपेट में आने से 55 वर्षीय किसान की मौके पर मौत हो गई।
बड़गांव के टोला धरमांगर छापर निवासी आनंद तिवारी किसी कार्य से अन्हारीबारी चौराहे पर गए थे। कुबेरस्थान-पडरौना मार्ग के किनारे खड़े होकर किसी का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान कुबेरस्थान की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा बाइक चालक अन्हारीबारी चौराहे पर बने ब्रेकर पर अनियंत्रित हो गया। आनंद तिवारी उस बाइक की चपेट में आ गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई। बाइक चालक भी मामूली घायल हो गया। मौजूद लोग घायल आनंद को कुबेरस्थान सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कुबेरस्थान थाने के एसओ डॉ. आशुतोष कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बाइक की चपेट में आई महिला
तमकुहीराज। कस्बे में बाइक की चपेट में आने से एक महिला घायल हो गई। बाइक सवार ने महिला को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मंगलवार दोपहर में पटहेरवा थानाक्षेत्र के लक्ष्मीपुर बुजुर्ग निवासी माला देवी तमकुहीराज कस्बे में बाजार करने आई थीं। सब्जी मंडी के सामने सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आ गईं। तमकुहीराज के चौकी प्रभारी रणजीत सिंह बघेल ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद