कप्तानगंज। फर्जी रिकवरी एजेंट बनकर ट्रक चोरी करने वाले गिरोह का कप्तानगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने टेकुआटार स्थित धर्मकांटा के पास से करीब 24 लाख रुपये कीमत का ट्रक बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कप्तानगंज क्षेत्र में इंदरपुर के आगे पेट्रोल पंप के पास से प्रांजल पांडेय का आयशर ट्रक (यूपी 53 जेटी 8314) चोरी हो गया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। 17 नवंबर को पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर टेकुआटार स्थित धर्मकांटा के पास से ट्रक बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने पूछताछ के आधार पर रामकोला थाना क्षेत्र के परवरपार निवासी हरिओम मद्धेशिया (26) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका सामने आया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सड़क किनारे या सार्वजनिक स्थानों पर खड़े ट्रकों को मोबाइल एप के जरिये चेक करते थे। जिन वाहनों पर बैंक या फाइनेंस कंपनी का कर्ज बकाया होता था, उन्हें निशाना बनाते थे।
खुद को रिकवरी एजेंट या बीमा कंपनी का सदस्य बताकर क्रेन संचालकों को विश्वास में लेते थे। वाहन स्वामी की अनुमति और वैध आदेश के बिना क्रेन से ट्रक उठवाकर सुनसान स्थान पर ले जाते थे और कीमती पुर्जे निकालकर कबाड़ियों को बेच देते थे। थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना में प्रयुक्त कार और क्रेन को सीज कर दिया गया है।