डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम।स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। यूपी बोर्ड की परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही है। परीक्षा की निगरानी के लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे इस कंट्रोल रूम से कनेक्ट कर इसका ट्रायल भी कर लिया गया है। यहां पर लगे 25 कंप्यूटर स्क्रीन पर परीक्षा केंद्र की हर गतिविधि की निगरानी की जाएगी। इसके लिए कंट्रोल रूम में 60 कर्मचारी और एक प्रभारी तैनात किए गए हैं, जिन्हें तीन शिफ्ट में तैनात कर परीक्षा की पल पल की निगरानी करने का निर्देश दिए गए हैं।
जिले में 22 राजकीय, 55 वित्तपोषित और 291 स्ववित्तपोषित समेत कुल 368 माध्यमिक विद्यालय संचालित होते हैं। इन माध्यमिक विद्यालयों में वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 110533 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 58611 और इंटरमीडिएट के 51922 परीक्षार्थी हैं। परीक्षा संचालन के लिए जिले में 194 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होगी। जिसमें हाईस्कूल में 20463 व इंटरमीडिएट के 16214 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। परीक्षा को शांति पूर्वक और नकलविहीन कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग पुख्ता इंतजाम करने में जुटा हुआ है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने वाली परीक्षा की सुचिता बनाए रखने और गतिविधि पर नजर बनाए रखने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
यहां पर 25 कंप्यूटर लगाई गई है। एक कंप्यूटर से आठ से दस परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जा सकेगी। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे को जोड़ दी गई है। इसका ट्रायल भी पूरा कर लिया गया है। परीक्षा की हर गतिविधियों की निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम प्रभारी के अलावा 60 कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जो तीन शिफ्ट में तैनात होकर परीक्षा की हर गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखेंगे। इसके साथ परीक्षा के दौरान सुरक्षा भी कड़ी रहेगी। परीक्षा के समय शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए केंद्रों के बाहर पुलिस तैनात रहेगी। वहीं, परीक्षा देने आने वाले छात्रों की केंद्र के अंदर प्रवेश करने से पूर्व गहनता से तलाशी ली जाएगी और आपत्तिजनक वस्तु न मिलने के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जाएगा।
इसके साथ नकल रोकने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ साथ सचल दल भी भ्रमणशील रहेंगे। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने वाली बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां पर परीक्षा की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। परीक्षा शांतिपूर्वक और नकलविहीन कराई जाएगी।