पडरौना। जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम में क्रिकेट और टेबल टेनिस के कोच नहीं है। इससे स्टेडियम में नियमित इन खेलों का अभ्यास करने आने वाले 50 से अधिक खिलाड़ियों को खुद से अभ्यास करना पड़ता है। यदि कोच मिल जाएं तो निश्चित रूप से इन खेल प्रतिभाओं में निखार आएगा।
जिला स्टेडियम में तैराकी, हॉकी, हैंडबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, कुश्ती और फुटबाल खेल की सुविधा उपलब्ध है। इन खेलों के कोच भी हैं, जो अपने-अपने खेल के खिलाड़ियों को नियमति अभ्यास करते हैं। इन खेलों के कई खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभाग का परचम भी लहरा चुके हैं। स्टेडियम में क्रिकेट और टेबल टेनिस के खिलाड़ी भी अभ्यास करने आते हैं। इस खेल से संबंधित संसाधन भी स्टेडियम में उपलब्ध है, लेकिन कोच नही है। इसके चलते स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को स्वयं अभ्यास करना पड़ता है। हालांकि मौजूद अन्य खेलों के कोच खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हैं। खेल का अभ्यास करने वाले खिलाड़ी हर्ष मिश्र, राकेश कुमार, विशाल सिंह आदि ने बताया कि कोच उपलब्ध हों तो उन्हें खेल का अभ्यास करने में सहुलियत होगी, जिससे उनकी प्रतिभा में और निखार आएगा। इस संबंध में क्रीडाधिकारी रवि कुमार निशाद ने बताया कि स्टेडियम में क्रिक्रेट और टेबल टेनिस के कोच की मांग उच्चाधिकारियों से की गई है। कोच उपलब्ध होते ही स्टेडियम में तैनात कर दिया जाएगा।