मंसाछापर। जटहा गांव में तेंदुआ की चहलकदमी से पिछले आठ दिनों से लोग दहशत में हैं। तेंदुआ को पकड़ने में वन विभाग असफल है। सरेह में पिंजरा लगाने के बाद भी तेंदुआ उसमें फंस नही रहा है। पिछले दो दिन से तेंदुआ दिखाई नहीं दिया है, लेकिन खेतों में पदचिह्न दिखने के बाद लोग सतर्क हैं। वन विभाग ने सतर्क रहने की अपील की है।
पिछले रविवार की देर रात को तेंदुआ बांस की कोठी में बैठा दिखा था। उसके बाद क्षेत्र के आसपास के गांवों के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हुआ और कांबिंग शुरू की लेकिन, तेंदुआ पकड़ में नहीं आया। तेंदुआ लगातार कहीं न कही दिखाई देता रहा। तीन दिन से पिंजरा में बकरी बांधकर वन विभाग तेंदुए के फंसने का इंतजार कर रहा है। शनिवार की सुबह खेतों में पद चिह्न दिखने के बाद रविवार की शाम तक तेंदुआ को लोगों ने देखा नहीं है। प्रभावित क्षेत्रों के आसपास के गांव के लोग भी भी चिंतित और भयभीत हैं। लोग खेतों में नहीं जा रहे हैं। शाम होते बच्चे घरों में सुरक्षित कर दिए जा रहे है। शाम से ही लोग घर के सामने लाठी-डंडा लेकर बैठे रह रहे हैं।