कप्तानगंज। परदेश से घर लौटने वाले लोगों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। हालत यह है कि दो दिन से नंबर लगाने के बाद भी लोगों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। तत्काल टिकट काउंटर खुलते ही सीट फुल हो जा रही है। किसी तरह एक से दो लोगों को ही कन्फर्म टिकट मिल पा रहा है। शेष लोगों को बिना कंफर्म टिकट के घर वापस होना पड़ रहा है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, कप्तानगंज रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली सभी एक्सप्रेस ट्रेनें 20 अगस्त तक फुल हैं। कप्तानगंज से गोरखपुर-नरकटियागंज और कप्तानगंज-थावे रूट पर लंबी दूरी की करीब 25 जोड़ी ट्रेनों का संचालन होता है। इसके चलते हर समय कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पर हर समय यात्रियों की भीड़ रहती है।
यहां से कुशीनगर के अलावा महाराजगंज और नेपाल तक के यात्री देश के विभिन्न बड़े शहरों के लिए ट्रेन पकड़ने आते हैं। कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पर एक ही टिकट काउंटर है। इसके चलते जैसे ही आईआरसीटीसी का वेबसाइट खुलती है, वैसे ही वेटिंग हो जाता है। कप्तानगंज से सत्याग्रह ट्रेन से दिल्ली तक यात्रा करने कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंचे रवि कुमार, उमेश प्रसाद, बबलू, संजय, मनोज, हरिओम मिश्रा, राकेश यादव आदि ने बताया कि कावड़ा यात्रा के चलते सड़क मार्ग भी व्यस्त है।
बस्ती हाईवे के पास कावड़ा यात्रा के चलते डायवर्जन कर दिया गया है, जिससे चलते सड़क मार्ग से भी यात्रा करना मुश्किल है। इसके चलते ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिलने के कारण वेटिंग टिकट लेकर यात्रा करनी पड़ रही है।