पडरौना। बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा का समय नजदीक आते ही जिला प्रशासन की तरफ से तैयारी तेज कर दी गई है। एक जून को होने वाली परीक्षा के लिए जिले में भी 23 केंद्र बनाए गए हैं। इन पर 11181 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। बिना बायोमेट्रिक जांच के परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की तरफ से इस बार बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन कराया जा रहा है। परीक्षा दो पालियों में होगी। जिले में कुल 11181 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए जाएंगे। केंद्र पर प्रवेश करने से पहले परीक्षार्थी को बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजरना होगा। इस परीक्षा में एआई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल भी किया जाएगा। परीक्षा पर सीसीटीवी कैमरों की नजर रहेगी। इसके लिए बुंदेलखंड विवि की तरफ से सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों का अपना सेटअप लगवाया गया है, जिससे सर्विलांस के जरिए नजर रखी जा सकेगी। प्रशासन की ओर से भी परीक्षा केंद्र पर पर सख्त नजर रहेगी। इसके लिए एसडीएम, तहसीलदार और न्यायब तहसीलदार स्तर के 12 अधिकारियों को केंद्र प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष के अलावा प्रत्येक केंद्रों पर एक-एक स्टैटिक और दो-दो पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। यानी जिले में कुल 23 स्टैटिक और 46 पर्यवेक्षकों की तैनात की गई है। परीक्षा के दौरान सचल दल भी तैनात रहेंगे। परीक्षा के नोडल प्रोफेसर ममता मणि त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा।
इन विद्यालयों को बनाया गया परीक्षा केंद्र
पडरौना के उदित नारायण इंटर कॉलेज में ब्लॉक ए व ब्लॉक बी समेत दो, उदित नारायण पीजी कॉलेज में ब्लॉक व ब्लॉक बी समेत दो, स्योबाई कमला देवी कन्या इंटर कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज साखोपार, बुद्ध इंटर कॉलेज में ब्लॉक ए व ब्लॉक बी समेत दो, बुद्ध पीजी कॉलेज में ब्लॉक ए व ब्लॉक बी समेत दो, श्री भगवान महावीर पीजी कॉलेज फाजिलनगर में ब्लॉक ए व ब्लॉक बी समेत दो, हनुमान इंटर काॅलेज पडरौना में ब्लॉक ए व ब्लॉक बी समेत दो, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज कठकुइ्यां, श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज हाटा, नेहरू इंटर कॉलेज मंशाछापर, गोस्वामी इंटर कॉलेज पडरौना, फतेह मेमोरियल इंटर कॉलेज तमकुहीराज, श्री अन्नपूर्णा इंटर कॉलेज गुरवलिया, नवजीवन इंटर कॉलेज पटहेरवा, हरिराम ओंकार मल्ल खेतान इंटर कॉलेज लक्ष्मीगंज और किसान इंटर कॉलेज पिपराबाजार समेत कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाया गया है।