लक्ष्मीगंज। रामकोला बड़हरा बाबू गांव के दुल्हिन टोला निवासी ओमप्रकाश की छह साल की बेटी रीमा मौत हो गई। इंसेफेलाइटिस से पीड़ित होने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिवार के लोगों ने बताया कि रीमा को एक सप्ताह पूर्व बुखार होने पर कप्तानगंज के एक निजी अस्पताल में दिखाया गया।
वहां डॉक्टर ने रीमा को मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए कहा। सोमवार सुबह रीमा की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
रामकोला सीएचसी प्रभारी डॉक्टर रजनीश श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ पहुंच कर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
दवा का छिड़काव कराने की सलाह दी और क्लोरीन की गोलियां वितरित कराई और कुछ बीमार बच्चों को इलाज के लिए सीएचसी रामकोला बुलाया। डॉक्टर रजनीश ने बताया कि रीमा की मृत्यु इंसेफेलाइटिस से हुई है।