कसया। निजीकरण के खिलाफ बिजली कर्मियों ने शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने निजीकरण पर मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की मांग की। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर शुक्रवार को जनपद कुशीनगर में लगातार तीसरे दिन बिजली कर्मियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय कुशीनगर पर अपराह्न 2 बजे से शाम 5 बजे तक विरोध-प्रदर्शन किया।
संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि हजारों बिजली कर्मचारियों को परामर्श के नाम पर धमकी भरे पत्र दिए जा रहे हैं। निजी घरानों की मदद करने के लिए बड़े पैमाने पर संविदा कर्मियों की छटनी की जा रही है। इस दौरान अध्यक्षता अधिशाषी अभियंता इंजीनियर सोमदत्त शर्मा ने की। सभा में इंजीनियर पीके जायसवाल संयोजक संयुक्त संघर्ष समिति कुशीनगर, चंदन सिंह मीडिया प्रभारी आदि मौजूद रहे।