पडरौना। शहरवासियों को आने वाली गर्मी में ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्याओं से परेशान नहीं होने पड़ेगा। इसके लिए बिजली निगम की तरफ से अभी से तैयारियां तेज हो गई हैं। सीएम नगर सृजन योजना के तहत निगम की तरफ से शहर के 16 स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। 26 स्थानों पर रखे गए ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता बढ़ाकर दूनी कर दी जाएगी।
इसके अलावा 30 स्थानों पर जर्जर हो चुके एसटीपी बदले जाने के साथ शहर के 13 स्थानों पर जर्जर हो चुके नंगे बिजली के तार की जगह एबीसी केबल लगाए जाएंगे। इसके लिए निगम की तरफ से करीब तीन करोड़ खर्च किए जाएंगे। इस कार्य को शुरू करने के लिए निगम की तरफ से टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दिसंबर के पहले सप्ताह में कार्य भी शुरू हो जाएगा। इस कार्य को पूरा करने के लिए मार्च का समय निर्धारित किया गया है।
शहर के 25 वार्ड में करीब एक लाख लोग निवास करते हैं। इसमें से करीब 20 हजार लोग बिजली उपभोक्ता हैं। गर्मी शुरू होते ही शहर में लो-वोल्टेज और बार-बार फाॅल्ट की समस्या बढ़ने से लोगों को परेशान होना पड़ता है। इस समस्या से निजात पाने के लिए शहर के लोग मोहल्लों में लगे ओवरलोड ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता वृद्धि करने और अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर लगाने के अलावा जर्जर हो चुके बिजली पोल और तार बदलवाने की मांग कर रहे थे।
कई बार बिजली निगम के अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को मांग पत्र सौंपकर इस समस्या से निजात दिलाने की कई बार मांग कर चुके हैं। उपभोक्ताओं की इस समस्या को देखते हुए बिजली निगम ने टीम गठित कर शहर और शहर के विस्तारित क्षेत्राें में लगे ट्रांसफाॅर्मर से चल रहे बिजली लोड की वास्तविकता जानने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर लगाने के लिए सर्वे कराया था।
निगम के अधिकारियों के सर्वे में शहर के 39 स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर लगाने और 150 की क्षमता वृद्धि करने की जरूरत बताई थी। इसका प्रस्ताव बनाकर निगम ने शासन को भेजा था। निगम की तरफ से भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत शहर में 26 स्थानों पर लगे बिजली ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर दो गुना किया जाएगा।
इसी तरह 16 स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाकर वहां जरूरत के अनुसार बिजली के तार और पोल लगाए जाएंगे। इन कार्यों को शुरू कराने के लिए निगम की तरफ से टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। दिसंबर के पहले सप्ताह में मिली स्वीकृति के अनुसार ट्रांसफाॅर्मर और बिजली के पाले व तार लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा, जिसे मार्च तक पूरा करा लिया जाएगा।
-
पडरौना और छितौनी उपकेंद्र की भी बढ़ेगी क्षमता
पडरौना। विद्युत वितरण उपकेंद्र पडरौना और छितौनी बिजली उपकेंद्र पर एक-एक पांच एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर लगेगा। उपभोक्ताओं को इससे लो-वोल्टेज के अलावा फाॅल्ट की समस्या से निजात मिल जाएगी। दोनों उपकेंद्रों पर लगने वाले ट्रांसफाॅर्मर पर 2.47 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पडरौना बिजली उपकेंद्र की आपूर्ति के लिए दो 10 एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर लगे हैं, लेकिन उपभोक्ताओं की संख्या अधिक होने के कारण ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज के साथ-साथ फाॅल्ट की समस्याएं आम रहती हैं। यहां पर एक और पांच एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर नगर निकाय योजना के तहत लगाया जाएगा। इसके लगने के बाद दुदही फीडर अलग हो जाएगा, वहीं छितौनी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को अभी पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति की जाती है। इसके चलते गर्मी शुरू होते ही लोगों को लो वोल्टेज और फाल्ट की समस्या से परेशान होना पड़ता था।
शासन की तरफ से यहां पांच एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की स्वीकृति मिलने के बाद ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह दोनों कार्य अंतिम चरण में है। उपकेंद्र की क्षमता से शहरवासियों को सुचारू रूप से बिजली मिलेगी।
बिजली समस्या से उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
एक्सईएन पडरौना संजय सागर ने कहा कि सीएम नगर सृजन योजना के तहत पडरौना और छितौनी विद्युत उपकेंद्र में पांच-पांच एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की स्वीकृति मिली थी। यह कार्य अंतिम चरण में है। इसके अलावा शहर में 26 ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि के साथ 16 स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के लिए निगम की तरफ से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शीघ्र ही कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा। इन कार्यों के पूरा होने के बाद लोगों को बिजली समस्याओं से निजात मिल जाएगी।