फाजिलनगर। नगर की बिजली आपूर्ति बेहतर करने के लिए लंबे समय से चल रही कवायद पूरी हो गई। नगर पंचायत अध्यक्ष की पहल पर शासन ने हरी झंडी दी है। दो करोड़ से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बेहतर होगी।
अप्रैल से पहले इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक नगर के मोहल्ले की ग्रामीण फीडरों से आपूर्ति होती थी और गर्मी में लोगों को फाॅल्ट और ट्रिपिंग की समस्या से जूझना पड़ता था।
नगर पंचायत के लोग काफी दिनों से बिजली कटौती, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे थे। इसके लिए नगर निकाय योजना के तहत नगर विकास मंत्री को भेजा गया था। नगर विकास मंत्री ने इसे गंभीरता से लिया और शासन ने हरी झंडी दे दी है। करीब दो करोड़ की लागत से फाजिलनगर कस्बे में आपूर्ति के लिए एक फीडर का निर्माण किया जाएगा और जर्जर तार, पोल के अलावा अन्य बिजली उपकरण बदले जाएंगे। नगर के फल मंडी से लेकर पुराने नगर पंचायत कार्यालय व पिपरा रजब पूर्वी छोर से पीके महाविद्यालय होते हुए महुआ टोली तक नई एलटी लाइन लगाने, साथ ही नगर पंचायत के 14 वार्डों में जहां अलग-अलग फीडर से बिजली आपूर्ति की जाती थी। अब एक फीडर से किया जाएगा। अप्रैल तक इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे नगरवासियों को बिजली समस्या से काफी हद तक निजात मिल जाएगी।