पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में बीते बृहस्पतिवार की रात आई आंधी के बाद ठप हुई बिजली आपूर्ति पांच दिन बाद बाद भी बहाल नहीं हुई। लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। बिजली कर्मचारियों की लापरवाही से अब तक गिरे तार-पोल ठीक नहीं हो सके हैं। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने सोमवार को गांव के चौराहे पर प्रदर्शन कर विरोध जताया।
बृहस्पतिवार की रात आई तेज आंधी के बाद कोटवा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े चरिघरवा, कलवारीपट्टी, खैरटिया, शितलापुर, जगदेवा, सौरहा खुर्द, टेढ़ी, राजमनछपरा, दोकरी आदि गांव की बिजली आपूर्ति ठप है। लोगों को उम्मीद थी कि आंधी से गिरे बिजली के तार और पोल एक से दो दिन में सही कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। शनिवार को गांव के लोगों को बिजली कर्मियों ने बताया कि आज शाम तक सभी तार और पोल सही कर बिजली आपूर्ति शुरू करा दिया जाएगा। लेकिन बिजली आपूर्ति की बात कौन कहे सोमवार की दोपहर तक गिरे बिजली के तार और पोल सही नहीं हो सके। इससे नाराज गांव के बिजली उपभोक्ताओं ने खैरटिया चौराहे पर प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रहे तूफानी, किशन, राजू, खेदनदास, लक्ष्मण, ओमप्रकाश, उपेंद्र, रमायन, रामप्यारे, पिंटू, धर्मेंद्र आदि ने कहा कि बिजली नहीं होने से रात में नींद पूरी नहीं हो रही है। दिन के समय तो पेड़ के निचे और हाथ से पंखा झलकर काटनी पड़ रही है। बिजली नहीं आने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। घरों में रखे पंखे, कुलर, फ्रिज, इन्वर्टर शोपीस बना हुआ है। सबसे अधिक परेशानी बच्चे और बुजुर्गों को हो रही है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेताया कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
0
बृहस्पतिवार की रात आई आंधी से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली के तार और पोल टूट गए थे। उसे सही करने में अधिक समय लग रहा है। खैरटिया रुट पर टूटे पोल को बदल दिया गया है। सिर्फ तार लगाना बाकी है। आज शाम तक उम्मीद है कि बिजली सप्लाई बहाल हो जाए। - रूपेश कुशवाहा, एसडीओ, कोटवा।