पिपरा कनक। उपभोक्ताओं की शिकायत पर पटहेरवा में विद्युत आपूर्ति के लिए दशकों पहले लगाए गए विद्युत तार व पोल जो कि जर्जर हो चुके थे, उनको रविवार को विद्युत विभाग ने बदलना शुरू कर दिया है। जर्जर तार व पोल के चलते अक्सर फाॅल्ट होने से विद्युत आपूर्ति बाधित होती थी।
पटहेरवा में नया विद्युत उपकेंद्र बनने से विद्युत आपूर्ति तो इस क्षेत्र में सुधर गई थी, लेकिन दशकों पुराने विद्युत तार व पोल के चलते अक्सर विद्युत आपूर्ति के दौरान विद्युत फाॅल्ट के चलते आपूर्ति बाधित हो जाती थी। इसकी शिकायत उपभोक्ताओं ने मुख्य अभियंता विद्युत विभाग व ऊर्जा मंत्री को पत्रक देकर की थी। शिकायतों को संज्ञान लेते हुए जर्जर तार व पोल को बदलना शुरू कर दिया है। इस कार्य में मुख्य लाइन मैन जेपी गुप्ता, सुग्रीव कुशवाहा, जटा चौहान आदि लगे हुए हैं। अवर अभियंता संदीप मिश्र ने बताया कि यह रूटीन कार्य है। जो तार व पोल जर्जर हो गए है, उन्हें बदला जा रहा है।