कसया। सखवनिया बुजुर्ग गांव के शिवराजपुर टोले में सोमवार सुबह छुट्टा सांड़ के हमले में 73 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वह सांड़ को गाय के पास से भगाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सांड़ ने हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को परिजन कसया ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भी आवारा पशुओं को लेकर आक्रोश है।
कसया थाना क्षेत्र के सखवनिया बुजुर्ग गांव के शिवराजपुर टोला निवासी रामसिंह सोमवार सुबह करीब आठ बजे टहलकर घर आए थे। छुट्टा सांड़ गाय को परेशान कर रहा है। गाय को बचाने के लिए रामसिंह सांड़ को वहां से भगाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस दौरान सांड़ ने रामसिंह पर हमला कर दिया। हमले में उनके सीने और पेट में गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों ने गांव और आसपास घूम रहे आवारा पशुओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। राजस्व टीम भेजकर रिपोर्ट मंगाई जा रही है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार यथासंभव आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।