छितौनी। पीएचसी परिसर में बने 72 बेड के कोविड अस्पताल का सीएमओ ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। काफी दिनों से बंद पड़े कोविड अस्पताल के पुन: संचालित होने की कवायद तेज हो गई है।
कोविड काल के दौरान तत्कालीन विधायक जटाशंकर त्रिपाठी के प्रयास से अमेरिकन इंडियन सोसाइटी की ओर से पीएचसी परिसर में 72 बेड के अस्पताल के साथ ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कराया गया था। निर्माण पूरा होने के बाद कार्यदायी संस्था ने अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर कर दिया था। हालांकि, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती नहीं होने के कारण अस्पताल का संचालन शुरू नहीं हो सका।
अस्पताल के संचालन के लिए तत्कालीन डीएम एस राजलिंगम ने डॉक्टर और कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजा था लेकिन कर्मचारियों की तैनाती नहीं हो सकी। अस्पताल को शुरू कराने की मांग को लेकर पूर्व विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने बीते दिनों उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को मांग पत्र सौंपा था। इसके बाद उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने शुक्रवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। सीएमओ ने बताया कि शासन व डीएम की ओर से अस्पताल के संचालन को लेकर आख्या रिपोर्ट मांगी गई है। इसके तहत अस्पताल का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में तत्कालीन डीएम एस राजलिंगम और विशाल भारद्वाज की ओर से भी अस्पताल संचालन को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।