मथौली। मोतीचक ब्लॉक के मंगलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय रामनगर मंगलपुर में सहायक अध्यापक का एक दिन का वेतन काटे जाने का मामला सामने आया है। शिक्षक शैलेश यादव का आरोप है कि 28 जनवरी को वह विद्यालय में मौजूद थे और रजिस्टर में उनकी हाजिरी भी दर्ज थी। शिक्षक के अनुसार, उसी दिन बीईओ मोतीचक मुकेश नारायण मिश्र ने उपस्थिति रजिस्टर और एमडीएम की जांच की थी। इसके बावजूद एक दिन का वेतन काट दिया गया। उन्होंने जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। बीईओ का कहना है कि जांच के समय विद्यालय में एक भी बच्चा मौजूद नहीं था। वेतन कटौती का आदेश हो चुका है और संबंधित शिक्षक को आदेश मिल गया होगा।
शिक्षक ने बताया कि 28 जनवरी को प्रधानाध्यापक अंकुर शर्मा मेडिकल अवकाश पर थे। वह विद्यालय में मौजूद थे। बीईओ मुकेश नारायण मिश्रा ने फोन कर विद्यालय में उपस्थिति के बारे में जानकारी ली और उपस्थिति रजिस्टर का फोटो भेजने को कहा। उन्होंने तत्काल रजिस्टर का फोटो उनके मोबाइल पर भेज दिया। करीब 40 मिनट बाद बीईओ विद्यालय पहुंचे। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर और एमडीएम से संबंधित अभिलेखों की जांच की और लौट गए। शिक्षक का दावा है कि निरीक्षण के दौरान न तो कोई रजिस्टर सीन किया गया और न ही उन्हें अनुपस्थित होने की जानकारी दी गई। मामला तब सामने आया जब एक फरवरी को खाते में वेतन पहुंचा। शिक्षक ने बताया कि उस समय पता चला कि 28 जनवरी का एक दिन का वेतन काट लिया गया है।