ईद आज, ईदगाहों में अदा की जाएगी नमाज
पडरौना/तमकुहीरोड। ईद-उल-फितर का त्योहार मंगलवार को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। कोविड महामारी के बाद पहली बार ईदगाहों में खुले तौर पर नमाज अदा की जाएगी। ईद की नमाज के लिए ईदगाहों और मस्जिदों में सोमवार को सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। पडरौना शहर सहित जिले के सभी बाजार में सेवई, कपड़े, सौंदर्य प्रसाधन, टोपी आदि की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
सोमवार को ईदगाहों में सफाई, रंगाई-पुताई, सजावट आदि का काम चलता रहा। बाजार में भी टोपी, सेवई, कपड़े, सौंदर्य प्रसाधन आदि सामान की खरीदारी करते लोग दिखे। रोजेदारों ने शाम को इफ्तार किया। मंगलवार को जनपद की सभी मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। ईद की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
सेवरही क्षेत्र इसके अलावा मेंहदिया, तुर्कवलिया, कत्तौरा, दोमाठ, परसा उर्फ सिरसिया, मिश्रौली, रकबा दुलमापट्टी, दाहूगंज, पिपरा मुश्तकिल अगरवा, सुब्बा खान टोला, पकड़ीयार पूरबपट्टी, सिराजनगर, भटवलिया, बेलवारीपट्टी, अवदान टोला, जानकीनगर, सुभाषनगर, किदवई नगर, डफाली टोला, अहिरौली मिश्र, टिकुलिया सहित अन्य गांवों में स्थित मस्जिदों व ईदगाहों में साफ-सफाई और रंगाई-पुताई के साथ ईद की नमाज की तैयारियां पूरी ली गई हैं।
मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना कारी जिकरुल्लाह, मौलाना इकबाल अहमद अमजदी, मौलाना गुलाम मुस्तफा मिस्बाही, मौलाना शब्बीर अली शम्सी और रजा जामा मस्जिद के प्रबंधक शाकिर अली का कहना है कि क्षेत्र की सभी मस्जिदों में सुबह आठ बजे और ईदगाहों में सुबह 8:30 बजे ईद की नमाज अदा कराई जाएगी। सेवरही के एसओ आशुतोष कुमार सिंह का कहना है कि ईद का त्योहार सकुशल व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है। तमकुुहीराज प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार को क्षेत्र के ईदगाहों एवं मस्जिदों में ईद की तैयारी जोर शोर से चलती रही।
कोट
ईद उल फितर और अक्षय तृतीया एक ही दिन है। दोनों त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। सीओ और थानेदारों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। ईदगाहों और मस्जिदों पर पुलिस तैनात रहेगी। शाम को अक्षय तृतीय शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस गश्त करेगी तथा डॉयल-112 की पुलिस निर्धारित स्थान के अलावा आसपास भ्रमण करती रहेगी।
धवल जायसवाल, एसपी