विशेष जरूरत वाले बच्चों की शिक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
पडरौना। जिले में चयनित 51 ईसीसी एजुकेटरों को जल्द ही विद्यालय आवंटित कर दिए जाएंगे। विभाग ने आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विद्यालय आवंटन के बाद इनकी तैनाती की जाएगी। एजुकेटर के जरिये विशेष जरूरत वाले बच्चों को बेहतर शैक्षिक सहयोग मिल सकेगा।
जिले में करीब 1100 को-लोकेटेड विद्यालयों का संचालन होता है, जहां तीन से छह वर्ष के बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाया जाता है। बीते माह इन को-लोकेटेड विद्यालयों में रिक्त सीटों में से 51 सीट पर ईसीसी एजुकेटरों का चयन हुआ था। चयनित ईसीसी एजुकेटरों की तैनाती को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनियुक्त एजुकेटर संबंधित विद्यालयों में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
ईसीसी एजुकेटरों की तैनाती से विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। इस संबंध में बीएसएस अनिल कुमार सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद तैनाती संबंधी आगे की कार्रवाई की जाएगी। 51 चयनित एजुकेटरों की तैनाती से जिले के विद्यालयों में विशेष शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।