लार। थाना क्षेत्र के तकिया धरहरा गांव में चक मार्ग का सीमांकन करने से नाराज कुछ लोगों ने हल्का लेखपाल का नक्शा व अभिलेख छीन अपशब्द बोलते हुए मारने के लिए दौड़ा लिया। जिससे सीमांकन का कार्य बाधित हो गया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। लेखपाल ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को दो लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के धवरकन गांव निवासी कुम्भराज कुमार पुत्र गुमानी प्रसाद के मुताबिक वह वर्तमान में लार थाना क्षेत्र के तकिया धरहरा बांगर में लेखपाल पद पर कार्यरत हैं। बुधवार को तहसीलदार के निर्देश के क्रम में तकिया धरहरा बांगर में गाटा संख्या 176/0.028हेक्टेयर नाली व गाटा संख्या 161/0.012 हेक्टेयर चकमार्ग का सीमांकन करा रहे थे।
इसी बीच प्रदीप सिंह व प्रशांत सिंह यहां पहुंचे। उन्होंने जमीन का नक्शा व अभिलेख छीन लिया। साथ ही मारने के लिए दौड़ाने लगे और अपशब्द कहते जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि कैसे चकमार्ग का सीमांकन करने चले आए। दोबारा अगर यहां सीमांकन करने आए तो जान से मार देंगे। वहीं लेखपाल के साथ हुए दुर्व्यवहार से लेखपाल संघ के लोगों में नाराजगी है। आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।