- सीएनडीएस ने पांच करोड़ रुपये में कराया डंपिंग हाउस का निर्माण
- डंपिंग हाउस चालू होने के बाद शहर से निकलने वाले 22 टन कूड़े का होगा निस्तारण
- नगर पालिका परिषद ने रिसाईकिल मशीन खरीदने के लिए शासन को भेजा प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। विशुनपुरा में खाली पड़ी 52 बीघा जमीन पर बन सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का भवन तैयार हो गया है। इसका निर्माण सीएनडीएस ने पांच करोड़ रुपये में कराया है। इसके नगर पालिका को सुपुर्द करने की भी तैयारी शुरू हो गई है। भवन बनने के बाद चार करोड़ रुपये की लागत वाले कूड़ा रिसाइकिलिंग मशीन का इंतजार किया जा रहा है। इसकी खरीद के लिए नगर पालिका परिषद ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। इसके इंतजार में शहर के 25 वार्डों और विस्तारित क्षेत्रों का करीब 22 टन कूड़ा प्रतिदिन खाली जमीन पर गिराया जा रहा है।
रामधाम विशुनपुरा में पांच एकड़ जमीन में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाने के लिए भवन बनकर तैयार हो गया है। इसका निर्माण करीब पांच करोड़ रुपये से किया गया है। प्लांट में शहरी क्षेत्र के कूड़े से जैविक खाद बनाने की योजना है। योजना मशीन न आने के कारण अधर में लटक गई है। इस कारण अभी कूड़ा डंपिंग हाउस बने भवन के पास ही 52 बीघा के खाली पड़े जमीन पर फेंका जाता है। भवन निर्माण के बाद नगर पालिका ने यहां लगने वाले मशीन की खरीदने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है।
कूड़े से बनाई जाएगी जैविक खाद
नगरपालिका के चेयरमैन ने बताया कि इस प्लांट शुरू हो जाने के बाद यहां कूड़े से जैविक खाद बनाई जाएगी। इसका लाभ किसानों को मिलेगा। इसके लिए अभी से शहर के लोगों में कूड़ेदान वितरित किए जा रहे हैं। गीले और सूखे कूड़े के लिए अलग-अलग हरे और नीले रंग के कूड़ेदान दिए जा रहे हैं। प्लांट शुरू होने के बाद गीला, सूखा कचरा, कांच, कपड़े आदि छांटकर अलग किए जाएंगे तथा उसके बाद कूड़े का निस्तारण कर जैविक खाद बनाई जाएगी।
कूड़ा निस्तारण के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट रामधाम विशुनपुरा में लगाने के लिए 2019 के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर मांग की गई थी। कोरोना महामारी शुरू होने के कारण काम ठप हो गया था। निर्माण सीएनडीएस ने किया है। कार्यदायी संस्थान ने भवन निर्माण कार्य पूरा कर दिया है। उसके हैंडओवर की कार्रवाई की जा रही है। यहां लगने वाले कूड़ा रिसाईकिलिंग मशीन खरीदने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। इसी महीने मशीन भी मिल जाएगी। इसके बाद सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट चालू कर दिया जाएगा।
- विनय कुमार जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद पडरौना
कूड़ा उठाने के लिए उपलब्ध संसाधन
नगरपालिका के मुताबिक अभी वहां 28 टीपर (टेंपो), नौ ट्रैक्टर ट्रॉली, एक बड़ी जेसीबी, एक मिनी जेसीबी, एक लोडर और 250 सफाई कर्मचारी हैं। इनके जरिए शहर में सफाई होती है।