नशे में युवक ने घर में लगाई आग
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सेमरा हर्दोपट्टी गांव की घटना
गुरवलिया बाजार(कुशीनगर)। तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरा हर्दोपट्टी गांव के पूरब टोला में शुक्रवार रात करीब नौ बजे नशे में एक युवक ने अपने कमरे में सभी सामान रखकर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटें उठने पर आंशिक रूप से वह भी चपेट में आ गया। इससे घर के चार कमरों में रखे पूरे सामान जलकर नष्ट हो गए। पुलिस के आने की सूचना पर युवक घर छोड़कर भाग गया। अग्निशमन दस्ते ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव का विशाल वर्मा शुक्रवार रात करीब नौ बजे घर का सारा सामान बेडरूम में रखकर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। नशे के कारण वह भी चपेट में आ गया। पक्के मकान में आग की लपटें देख ग्रामीण पहुंचे, लेकिन जैसे ही उन्हें यह पता चला कि घर में दो भरे हुए सिलिंडर रखे हैं, ग्रामीण उल्टे पांव भाग चले। विशाल वर्मा बाहर किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। दो-तीन पूर्व घर आया था। सूचना पर एसआई गिरधारी यादव, एचसीपी अरविंद राय, दीपचंद चौहान, सोनेलाल, विनय कुशवाहा, संजय यादव, योगेश यादव, विनोद कुमार व डायल 100 की पुलिस पहुंची। सूचना पर फायर ब्रिगेड के एफएसओ श्यामसुंदर यादव, चालक जयप्रकाश कन्नौजिया, पंकज रावत, अनुज कुमार रावत, नीरज कुशवाहा, मंशा तिवारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी की बौछार के बीच एक एक कर चार कमरों की आग बुझाई। संयोग ठीक रहा कि किसी सिलेंडर में आग नहीं लगी थी। उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, तब जाकर ग्रामीणों की चिंता दूर हुई। इधर आरोपी युवक पुलिस को देखकर भाग खड़ा हुआ।
तुर्कपट्टी थाने के एसओ जेपी पाठक ने बताया कि युवक की तलाश की जा रही है। इसके पहले भी युवक ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। कारण का पता लगाया जाएगा।