मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र में पडरौना–मंसाछापर मार्ग स्थित कुरमौल उर्फ सोहनपुर के पास मंगलवार की देर रात मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली में दबकर ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई थी। बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो आक्रोशित परिजन शव दरवाजे पर रखकर धरना दे लगे। परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्राली पलटने के बाद जेसीबी संचालक व दूसरे ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गए थे, इस वजह से चालक की जान चली गई। इस मामले में परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। एसएचओ पडरौना ओमप्रकाश तिवारी परिजनों को पहुंचकर समझाने का प्रयास किए लेकिन परिजन कार्रवाई होने तक धरना जारी रखने पर अड़े रहे।
मंगलवार को नाहर छपरा गांव निवासी त्रिवेनी का 22 वर्षीय पुत्र अमरजीत व गोविंद ट्रैक्टर-ट्राॅली पर मिट्टी भरकर पडरौना-मंसाछापर मार्ग से जा रहे थे। कुरमौल उर्फ सोहनपुर के पास ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें चालक अमरजीत की दबकर मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना के बाद आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
बुधवार शाम जब पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गए। शव को दरवाजे पर ही रखकर धरना देना शुरू कर दिया। मृतक अमरजीत के भाई का आरोप है कि मिट्टी खनन अवैध तरीके से कराया जा रहा था। आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने के बाद बचाने की जगह जेसीबी मालिक सहित मौजूद दूसरे ट्रैक्टर चालक भाग गए। दो घंटे तक ट्रैक्टर के नीचे दबे रहने से उसके भाई की मौत हो गई। बचाने की कोशिश की गई होती तो जान नहीं गई होती। पुलिस को तहरीर सौंपकर जेसीबी संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। खबर लिखे जाने तक रात 10 बजे तक धरना जारी रहा।
एसएचओ ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है,मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। दरवाजे पर शव रखकर धरना दिए जाने की जानकारी है। परिजनों को समझाने के लिए पुलिस गई थी। मामले को शांत करवाकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।