कुरमौटा और कुरहवा गांव में हुए विकास कार्याें का किया निरीक्षण
पडरौना। हाटा ब्लॉक क्षेत्र के कुरमौटा और कुरहवा गांव में हुए विकास कार्याें का बुधवार को डीपीआरओ ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विकास कार्य शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए एडीओ पंचायत को फटकार लगाई।
डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी स्वच्छता मिशन फेज दो में चयनित कुरमौटा और कुरहवा गांव में विकास कार्यों की जांच करने पहुंचे। उन्होंने कुरमौट के पंचायत सहायक और प्रधान प्रतिनिधि से गांव में चार लाख रुपये भुगतान के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने का कारण पूछा। इस पर प्रधान प्रतिनिधि ने भुगतान नहीं होने की बात बताई। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए एडीओ पंचायत रामाअशीष को फटकार लगाते हुए शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने चेताया कि बिना एमबी किए भुगतान करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पंचायत सचिव किशन राय, मनोज शुक्ल, अनिल गौड, ग्राम प्रधान रघुनाथ यादव, नंदू मिश्र आदि मौजूद रहे।
सुधीर कुमार मिश्र